हरियाणा के तीन पर्यटकों को आई हल्की चोंटे
संवाद न्यूज एजेंसी
सिस्सू (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति की चंद्राघाटी के गोंधला के पास हरियाणा नंबर की एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। इसमें सवार तीन पर्यटकों को चोटें आई हैं।
सैलानी मनाली से केलांग की तरफ घूमने आ रहे थे। इस दौरान उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल केलांग लाया गया।
गोंधला पंचायत के प्रधान सूरज ठाकुर ने बताया कि हरियाणा नंबर की गाड़ी सुबह करीब 6:00 बजे गोंधला के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दौरान उनकी कार के पीछे एक अन्य वाहन चल रहा था। उन्होंने ग्रामीणों की मदद से घायलों को उनकी गाड़ी से ही अस्पताल पहुंचाया। घायलों की पहचान रोहन, उनकी पत्नी गायत्री और साला साहिल पुजारा के रूप में हुई है। उधर, एसएचओ केलांग ज्वाला सिंह ने बताया कि घायलों का केलांग में प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद उन्हें कुल्लू रेफर किया गया है। सभी को हल्की चोटें आई हैं।