कुल्लू। भुंतर-मणिकर्ण सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर पार्वती घाटी के लोगों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। सड़क की जर्जर हालत के विरोध में क्षेत्र के लोगों ने मंगलवार को जिला मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन का एलान किया है।
समाजसेवी शेरा नेगी ने कहा कि सड़क की मरम्मत को लेकर प्रशासन, संबंधित विभाग और सरकार गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। खराब सड़क के कारण आम लोगों, किसानों, बागवानों और पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी के विरोध में मंगलवार को जिला मुख्यालय में विशाल प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शन में पार्वती घाटी के किसान-बागवान, पर्यटन व्यवसायी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, महिला मंडल, सामाजिक संगठन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल होंगे। उन्होंने घाटी के सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।
शेरा नेगी ने कहा कि लंबे समय से सड़क की हालत बेहद खराब बनी हुई है। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ घाटी में आने वाले पर्यटकों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन के लिए मंगलवार सुबह 10 बजे से लोग उपायुक्त कार्यालय के बाहर एकत्रित होना शुरू होंगे, जबकि पूर्वाह्न 11 बजे से धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन के माध्यम से सरकार, प्रशासन और संबंधित विभाग का ध्यान सड़क की बदहाल स्थिति की ओर आकर्षित कर जल्द मरम्मत की मांग उठाई जाएगी। संवाद