कुल्लू। जिला कुल्लू में कोरोना से हालात सामान्य होने पर बस रूटों में बढ़ोतरी की जा रही है। निजी बस ऑपरेटरों ने 20 नए रूटों पर सेवाएं शुरू कर दी हैं। निजी बसों के लोकल रूटों की संख्या अब 100 से बढ़कर 120 हो गई है।
जिले में 229 रूटों पर निजी व सरकारी बसों की बस सुविधा मिल रही है। हालांकि जिला कुल्लू में निगम और निजी बस ऑपरेटरों के 300 रूट हैं। इनमें से 200 से अधिक रूटों पर बसों के दौड़ने से लोगों की परेशानियां काफी हद तक कम हुई है। समय पर बस सेवाएं मिलने से लोगों को राहत मिली है। जिले के 229 लोकल रूटों पर शनिवार को एचआरटीसी और निगम की बसों का संचालन किया गया। गौरतलब है कि परिवहन निगम पहले से ही 109 रूटों पर बसों को भेज रहा है। निजी बस ऑपरेटरों ने इसी सप्ताह दूसरी बार बस रूटों में इजाफा किया है। ऐसे में निजी बसों की सेवाएं जिले के विभिन्न 120 रूटों पर शुरू हो गई है। बलवंत ठाकुर, राकेश शर्मा, मोनू, राजेश कुमार, गगन ने कहा कि निजी व सरकारी बसें न चलने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रह है। उन्होंने मांग की है कि परिवहन निगम और निजी बस ऑपरेटर जल्द सभी रूटों पर बस सेवा बहाल करे। उधर, निजी बस ऑपरेटर संघ कुल्लू अध्यक्ष रजत जंबाल ने कहा कि लोगों को सुविधा प्रदान करने के लिए शनिवार से 20 अतिरिक्त रूटों पर बसों का संचालन किया गया है। जिले में 120 लोकल रूटों पर बसें भेजी जा रही हैं। उधर, निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक डीके नारंग ने कहा कि जिन क्षेत्रों में सवारियों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही, वहां पर बस रूटों की संख्या को बढ़ाया जा रहा है।