प्राथमिक शिक्षक संघ बंजार के शिक्षक रोष निकालते।- संघ
नई क्लस्टर प्रणाली के खिलाफ खोला गया मोर्चा
मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन, हकों की सुरक्षा की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
भुंतर/बंजार/उदयपुर (कुल्लू)। प्राथमिक शिक्षक संघ कुल्ल-एक, बंजार खंड ने नई क्लस्टर नीति के विरोध में भुंतर और बंजार में रोष प्रदर्शन किया।
कुल्लू-एक में प्रधान रामकृष्ण की अगुवाई में जिले के प्रवेश द्वार भुंतर में प्राथमिक शिक्षकों ने रोष रैली निकाली। तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। प्रधान रामकृष्ण ने कहा कि शिक्षा विभाग की ओर से 23 सितंबर को जारी नई क्लस्टर प्रणाली संबंधी अधिसूचना का विरोध किया गया। यह अधिसूचना प्राथमिक शिक्षा के स्वतंत्र ढांचे और शिक्षकों के अधिकारों पर कुठाराघात है। वर्ष 1984 से प्राथमिक शिक्षा का अलग प्रशासनिक ढांचा कार्यरत है जिससे राज्य ने उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त किए हैं। पिछले वर्ष की रिपोर्ट में हिमाचल ने प्राथमिक शिक्षा में देशभर में पहला स्थान हासिल किया था जबकि राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण (एनएएस) में तीसरी कक्षा के स्तर पर प्रदेश दूसरे स्थान पर रहा।
उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों का श्रेय प्राथमिक शिक्षकों और उनके अलग ढांचे को जाता है न कि प्रधानाचार्यों को। नई अधिसूचना में प्राथमिक शिक्षा का नियंत्रण और संचालन प्रधानाचार्य को देने का निर्णय किया गया है। इससे शिक्षा की गुणवत्ता पर नकारात्मक प्रभाव पड़ने की आशंका है। उन्होंने कहा कि इससे मुख्य शिक्षक, केंद्रीय मुख्य शिक्षक और खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी जैसे पदों की प्रशासनिक शक्तियां सीमित होकर रह जाएंगी। भविष्य में ये पद निरर्थक हो सकते हैं। प्राथमिक शिक्षक संघ खंड बंजार के साथ जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के शिक्षक संघ केलांग-एक, केलांग-दो, उदयपुर और काजा में भी विरोध प्रदर्शन किया गया।