कुल्लू। चुनावी साल में महंगाई की मार से लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। महंगाई कम होने के बजाय लगातार बढ़ती जा रही है। कुल्लू जिले में पिछले दो सप्ताह में हरी सब्जियों के दाम में भारी उछाल आया है।
हरा मटर 60 रुपये से बढ़कर 120 रुपये प्रति किलो पहुंच गया है। फूलगोभी के दाम 30 रुपये से बढ़कर 60 रुपये किलो पहुंच गए हैं। शिमला मिर्च और फ्रांसबीन भी 70 रुपये किलो तक बिक रही है। टमाटर 30 से बढ़कर 60 रुपये किलो पहुंच गया है। ऐसे में हरी सब्जियां लोगों की पहुंच से दूर होने लगी है।
टमाटर भी रसोई से गायब होने लगा है। गृहिणी श्यामा देवी, हेम लता, तारा देवी, कौशल्या, सुलोचना, आशा देवी, सरला ठाकुर, सीता देवी और बीना ने बताया कि पिछले दो सप्ताह से हरी सब्जियों की कीमतें आसमान छू रही हैं। सब्जियां खरीदना लोगों की पहुंच से बाहर हो गया है। महंगाई रोकने के लिए कुछ नहीं किया जा रहा है। संवाद
टमाटर ने प्याज को पछाड़ा
जिले में प्याज से गृहिणियों को राहत मिल रही है, लेकिन टमाटर के बढ़ते दाम सता रहे हैं। बाजार में प्याज शनिवार को 30 रुपये किलो बिका, जबकि टमाटर 60 रुपये किलो पहुंच गया है। दो सप्ताह पहले टमाटर 30 से 40 रुपये किलो बिक रहा था। उधर, थोक सब्जी विक्रेता सुरेश ठाकुर, हेतराम और दिनेश आजाद ने बताया कि पिछले दो सप्ताह से सब्जियों के दामों में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने बताया कि जिले की मंडियों में भी सब्जियां महंगी बिक रही हैं।
सब्जी दो सप्ताह पहले अब
हरा मटर 60 120
शिमला मिर्च 50 70
फ्रांसबीन 40 70
खीरा 30 60
भिंडी 40 60
घिया 30 50
बैंगन 40 50
मूली 30 60
टमाटर, 30 60
आलू 30 40
प्याज 30 30
बंदगोभी 30 40