संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली (कुल्लू)। महिला सशक्तीकरण कांग्रेस पार्टी का सपना रहा है। महिला शक्ति को नमन है। मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद एवं कांग्रेस पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने यह बात कही।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कांग्रेस वर्षों से कार्य कर रही है। वह जगतसुख में मनाली विधानसभा कांग्रेस पार्टी की ओर से आयोजित महिला सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रही थी। उन्होंने महिलाओं से कहा कि आपको देखकर मैं गदगद हो गई हूं। इस कार्यक्रम में 200 से अधिक महिला मंडलों की महिलाएं पहुंची। जनसभा के लिए चुना गया मेला मैदान छोटा पड़ गया।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि उपचुनाव में हर हलके में जाना संभव नही था। इसके बाद भी वह लोगों के आशीर्वाद से चुनाव जीतीं। कहा कि हालांकि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र के निधन के बाद वह दुख में थे। ऐसे में उन्होंने चारदीवारी में रोने के बजाय जनता की सेवा को चुना। उन्होंने कहा कि इस जनसभा में महिलाओं की संख्या को देखकर उन्हें अपना बचपन याद आ गया।
वह ऐसा दौर था कि महिलाओं को ऐसी सभाओं में जाने की अनुमति नहीं थी। जहां मेले, उत्सव व ऐसे समारोह होते थे, वहां चारों तरफ झरोखे बनाए होते थे, जहां से महिलाएं सभा देखती थी। उन्हें बाहर जाने की अनुमति नहीं थी। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने महिला सशक्तीकरण की दिशा में अहम कदम उठाया। महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया। हिमाचल में आज लड़कियां लड़कों से आगे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने महिलाओं को आगे लाने के लिए उन्हें शिक्षित करने पर जोर दिया। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्कूल और कॉलेज खोले गए। आज हिमाचल की बेटियां हवाई जहाज उड़ा रही हैं, जो गर्व की बात है। उन्होंने केंद्र और भाजपा सरकार पर भी जमकर हमला बोला। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हरिचंद शर्मा, प्रदेश महासचिव भुवनेश्वर गौड़, प्रदेश सचिव देवेंद्र नेगी, कार्यकारिणी सदस्य देवेंद्र नेगी, जिला परिषद उपाध्यक्ष वीर सिंह ठाकुर सहित अरुणा, मनोरमा बौद्ध आदि ने भी जनसभा को संबोधित किया।