खराहल क्षेत्र में बिजली जाने से विद्यार्थियों की पढ़ाई हो रही प्रभावित
परीक्षाओं का चल रहा समय, बोर्ड से बिजली बहाल रखने की गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह के समय बिजली के अघोषित कट लग रहे हैं। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर खराहल क्षेत्र में सुबह बिजली कट लगना शुरू हो जाते हैं। कड़ाके की ठंड के बीच लोग सुबह उठकर जब अपने घरों में कामकाज निपटाने लगते हैं, तो इस बीच बिजली गुल हो जाती है।
इसके बाद बिजली काफी देर के बाद आती है। बिजली बोर्ड की ओर से सर्दियों के दौरान बिजली आपूर्ति सुचारु करने का दावा किया था लेकिन बोर्ड के ये दावे हवा साबित हो रहे हैं। अघोषित बिजली कट से लोग परेशान हैं, वहीं बच्चों की परीक्षाएं चल रही हैं। अंधेरे के चलते उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
बिजली बोर्ड ग्रामीणों की समस्या का समाधान नहीं कर पाया है। इससे ग्रामीणों में बिजली बोर्ड के प्रति रोष है। घाटीवासी विजय कुमार, दुनी चंद, महेश और नीरज ने कहा कि सुबह 7:00 से 9:00 बजे के बीच कभी भी बिजली गुल हो जाती है। रोज बत्ती गुल होने से उपभोक्ता परेशान हैं। रोजाना लग रहे बिजली के अघोषित कट लोगों की समझ से परे हैं। ग्रामीणों ने बिजली बोर्ड से समस्या का समाधान करने की मांग उठाई है। इस संबंध में बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता नरेंद्र कुमार ने कहा कि समस्या का जल्द ही समाधान किया जाएगा। संवाद
000