कुल्लू-मनाली वामतट मार्ग पर पर्यटन सीजन को लेकर की गई टायरिंग।-संवाद
कुल्लू। पर्यटन नगरी मनाली को जोड़ने वाले कुल्लू-मनाली वामतट मार्ग की हालत सुधरने लगी है। सड़क में लोक निर्माण विभाग ने टारिंग करने के साथ ही कई खराब जगहों पर सड़क को दुरुस्त किया है। लोक निर्माण विभाग के पास इस सड़क में तीन किलोमीटर तक टारिंग करने की स्वीकृति थी। इसे लोक निर्माण विभाग ने पूरा किया है।
इसके साथ ही कई स्थानों पर सड़क की हालत खराब थी, वहां भी सड़क सुधारी है। ऐसे में स्थानीय लोगों और पर्यटकों को गड्ढों से राहत मिली है। 11 महीने पहले आई आपदा में सड़क को काफी क्षति पहुंची थी। विभाग के अनुसार जगतसुख, छाकी ब्रिज के पास, छरुड़ू, रायसन ब्रिज के पास और अन्य जगहों पर भी सड़क को ठीक किया गया। सड़क की स्थिति सुधरने के बाद लोक निर्माण विभाग मंत्री ने सड़क के फोटो अपने सोशल मीडिया पर साझा किए हैं।
हजारों की आबादी को जोड़ने वाली वामतट सड़क से करीब एक दर्जन पंचायतें सीधे तौर पर जुड़ी हैं। पर्यटन सीजन के बीच सड़क की हालत सुधरने से पर्यटकों और स्थानीय लोगों को राहत मिली है।
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अनूप शर्मा ने कहा कि जो स्वीकृति मिली थी, उसका काम विभाग की ओर से पूरा किया गया है।
...
चुनाव के समय कुल्लू-मनाली लेफ्ट बैंक सड़क की खराब हालत का स्वयं जायजा लिया था। चुनाव के बाद तुरंत सड़क पर मैटलिंग करने के निर्देश विभाग को दिए थे। सड़क का रखरखाव कार्य पूर्ण गति से चला हुआ है।
-विक्रमादित्य सिंह, लोक निर्माण मंत्री, हिप्र