विधायक के दौरे की सूची आने के बाद जागा विभाग
....
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय क्षेत्र लाहौल घाटी में लोक निर्माण विभाग ने सड़क में पड़े गड्ढों को मिट्टी से भर दिया। यह भी तब किया जब विधायक अनुराधा राणा के दौरे की सूची आई। इससे पहले शुक्रवार सुबह तक सड़क को दुरुस्त करने की जहमत तक नहीं उठाई। इससे लोगों में विभाग के प्रति रोष है। केलांग अस्पताल और स्कूल जाने वाली सड़क चकाचक होनी चाहिए थी। इस सड़क पर एंबुलेंस, अस्पताल, स्कूल सहित अन्य जगह जाने वाले वाहनों की आवाजाही रहती है।
सेशन हाउस के समीप यू टर्न मोड़ पर सड़क की दशा ठीक नहीं है। केलांग में रह रहे सुशांत और मोहित ने बताया कि वह रोजाना केलांग अस्पताल सड़क से आवाजाही करते हैं। शुक्रवार सुबह तक सड़क में सेशन हाउस के समीप यूटर्न मोड़ पर पत्थर बिखरे पड़े थे। जैसे ही विधायक अनुराधा राणा की क्षेत्र के दौरे की लिस्ट आई तो विभाग ने मिट्टी डालकर लीपापोती कर दी। उन्होंने कहा कि केलांग अस्पताल की सड़क को चकाचक किया जाए। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता पवन राणा ने कहा कि खराब सड़क को पेचवर्क कर ठीक कर दिया जाएगा। संवाद
000