मनाली-लेह मार्ग पर शिकुंला दर्रा से रेस्क्यू किए गए मजदूर। -संवाद
केलांग (लाहौल-स्पीति)। जिले की पुलिस ने एक बार फिर से मानवता की मिसाल पेश की है। पुलिस ने शिकुंला टॉप में फंसे 10 मजदूरों को रेस्क्यू किया है। शनिवार को 10 मजदूर दारचा से शिंकुला होकर लेह की तरफ मजदूरी के लिए जा रहे थे। शिंकुला टाप में उनकी गाड़ी खराब हो गई, उसी समय बर्फबारी का दौर शुरू हुआ। इसके बाद यह मजदूर भूखे प्यासे ठंड में यहां फंस गए।
मजदूरों के फंसने की सूचना पुलिस चेक पोस्ट दारचा को मिली तो एक टीम शिंकुला टाॅप की ओर रवाना हुई। टीम में दारचा चेक पोस्ट के प्रभारी छोटे लाल, पुलिस कांस्टेबल प्रवेश, राजेंद्र कुमार ,अजय पाल और एसपीओ तंजिन रबगे शिकुंला टॉप में पहुंचे। टीम ने मजदूरों सफल रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित दारचा स्थित अपने चेक पोस्ट में पहुंचाया। यह सभी प्रवासी कामगार थे, पुलिस ने रेस्क्यू के बाद सभी कामगारों को दारचा में ठहराया। मजदूर दिन के समय फंसे थे और शाम होने से पहले उन्हें रेस्क्यू किया गया। गौर रहे कि शिंकुला, बारालाचा, सरचू, ग्रांफू-काजा सड़क पर पर्यटकों को रेस्क्यू करने में लाहौल-स्पीति पुलिस का विशेष सहयोग रहता है।
वहीं एसपी लाहौल-स्पीति मयंक चौधरी ने जवानों के कार्यों की सराहना की है। उन्होंने दारचा- शिंकुला-पदुम के बीच आवाजाही करने वाले सभी लोगों से आग्रह किया है वे मौसम को भांप कर ही शिंकुला टाॅप की ओर आवाजाही करें। पुलिस चेक पोस्ट दारचा में अपना पंजीकरण करवाएं, जिससे आपदा की स्थिति में दारचा चेक पोस्ट में तैनात पुलिस के जवान जल्द आपकी मदद को आगे आ सके।