कुल्लू के बंजार विधान सभा में लोकसभा में भाजपा प्रत्याशी चुनाव प्रचार करते हुए।-संवाद
सैंज (कुल्लू)। मंडी संसदीय सीट से भाजपा की प्रत्याशी कंगना रणौत ने एक बार फिर दोहराया कि हमें आजादी साल 2014 में मिली है। जिला कुल्लू के सैंज में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि साल 1947 में हमें नाम की आजादी मिली है। 2014 के बाद हमें सनातन की आजादी, विचारों की आजादी, हिंदू राष्ट्र की आजादी और आत्म सम्मान की आजादी मिली है।
सैंज में कंगना का संबोधन राष्ट्रीय राजनीति पर केंद्रित रहा। स्थानीय मुद्दों और राज्य के राजनीतिक घटनाक्रम पर उन्होंने कुछ भी बोलने से परहेज किया। उन्होंने रविवार दोपहर 2:00 बजे सैंज में पहुंचकर अपना संबोधन आजादी से जोड़कर शुरू किया। उन्होंने कहा कि देश को आजादी दिलवाने के लिए हमारे पूर्वजों ने कई कुर्बानियां दीं। पहले मुगलों से लडे, फिर अंग्रेजों का सामना किया। इसके अलावा फिर कांग्रेस की दमनकारी नीतियों से लडऩा पड़ा।
कंगना ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने देश को तोड़ने का काम किया है। कांग्रेस ने देश में जो गंदगी को फैलाया है, उसे साफ करते-करते हम 2024 में आ गए। इस दौरान बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी आदि उपस्थित रहे।