कुल्लू। नए साल की पूर्व संध्या पर जिला मुख्यालय कुल्लू में एक पुलिस अधिकारी से हाथापाई कर उनको पिस्तौल दिखाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने हत्या की कोशिश करने का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार के पुलिस अधिकारी वीरवार रात करीब साढ़े नौ बजे वामतट पर बसे तलोगी में अपने दोस्त के घर से ढालपुर में अपने आवास की ओर जा रहे थे। इस दौरान अखाड़ा बाजार होकर जब सरवरी पहुंचे तो एक गाड़ी ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। इससे गाड़ी का बंपर टूट गया और गाड़ी के शीशे को भी नुकसान पहुंचा। इस दौरान पुलिस अधिकारी ने उसे रुकने को कहा तो वह वहां से भाग गया। ढालपुर से उपायुक्त कार्यालय से होकर गुजरने वाले मार्ग से वह कुल्लू कॉलेज चौक के पास पहुंचे और यहां सड़क में खड़ी दो गाड़ियों के चलते वह रुक गया। इस दौरान पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और उनकी गाड़ी को टक्कर मारने का कारण पूछा तो गाड़ी से कुछ लोग बाहर निकले और उनके साथ हाथापाई की। इसमें उन्हें चोटें भी आई हैं। वहीं इस दौरान गाड़ी से एक व्यक्ति ने पिस्तौल भी दिखाई, लेकिन पुलिस अधिकारी ने उन्हें धक्का दिया और खुुद एक जगह पर छुप गए और उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब इस दौरान एक व्यक्ति यहां गाड़ी से उतारा और गाड़ी वहां से चली गई। उन्होंने गाड़ी से उतरे व्यक्ति को पकड़ा और पुलिस के हवाले किया। पुलिस अधिकारी तृतीय वाहिनी पंडोह में तैनात हैं। पुलिस ने हत्या की कोशिश करने समेत कई धाराओं पर केेस दर्जकर पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू गौरव सिंह ने कहा कि पुलिस ने वीरेंद्र, चंद्रकिरण, संजय, हेमंत तथा प्रेमजीत को गिरफ्तार कर छानबीन शुरू कर दी है।