भुंतर में प्रदेश सरकार के खिलाफ निकाली रैली में पुतला जलाते समय पुलिस और भाजपा कार्यकर्ता के
भुंतर (कुल्लू)। जिले के हाथीथान चौक पर शनिवार को भाजपा पार्वती मंडल की ओर से कांग्रेस सरकार के खिलाफ आक्रोश रैली एवं धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला फूंका। इस दाैरान पुलिस और प्रदर्शनकारी खूब गुत्थमगुत्था हुए। इसके बावजूद कार्यकर्ताओं ने गोल घेरा बनाकर पुतले को आग के हवाले कर दिया।
प्रदर्शन में भाजपा नेताओं ने प्रदेश सरकार पर भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने और केंद्र से मिलने वाले धन के कथित दुरुपयोग के आरोप लगाए। मंडल अध्यक्ष संजू पंडित ने कहा कि जिया में बाढ़ से क्षतिग्रस्त फुटब्रिज को उठाकर ले जाया गया लेकिन अभी तक लोगों की सुविधा के लिए फुटब्रिज की उचित व्यवस्था नहीं हो पाई है। उन्होंने ब्यास-पार्वती नदी के किनारे सुरक्षा दीवार का निर्माण न होने का मुद्दा भी उठाया। वहीं, कुल्लू विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी नरोत्तम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर चुनाव के दौरान किए गए 10 गारंटियों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने स्थानीय विधायक पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा शासनकाल में प्रदेश में विकास कार्य तेजी से हुए थे। इस अवसर पर भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।