कुल्लू। देश में वर्तमान समय में महिलाओं और बेटियों के साथ अमानवीय घटनाएं देखने को मिल रही हैं। हाल ही मणिपुर में महिलाओं पर अत्याचार करने का वीडियो वायरल हुआ है। अमानवीय घटनाओं को रोकने के लिए हर समुदाय ही नहीं, बल्कि हर एक व्यक्ति को आगे आना चाहिए। हमें आत्म चिंतन करना चाहिए कि क्या सही और क्या गलत है।
गलत को गलत ठहराने के लिए हमें आवाज उठानी होगी। यह बात बहस नाट्य एवं कला मंच की अध्यक्ष ज्योति वर्मा ने कही। जिला मुख्यालय कुल्लू में स्थित प्रदर्शनी मैदान में शांतिपूर्ण मौन, शोक सभा और कविता पाठ से महिलाओं पर हो रहे अत्याचार पर प्रहार किया गया। बहस नाट्य एवं कला मंच ने शुक्रवार शाम को प्रदर्शनी मैदान में मौन सभा का आयोजन किया।
इसमें प्राध्यापकों, विद्यार्थियों और आमजनों ने अपने विचार साझा किए। मणिपुर में हुई अमानवीय घटना के खिलाफ दस मिनट का मौन रखकर आत्मचिंतन भी किया। इसके उपरांत विद्यार्थियों और प्राध्यापकों ने कविता के माध्यम से महिलाओं और बेटियों पर हो रहे अत्याचारों पर कुठाराघात किया।
बहस नाट्य एवं कला मंच की अध्यक्ष ज्योति वर्मा ने कहा कि मणिपुर में महिलाओं के साथ हुई अमानवीय घटना का मंच विरोध करता है। उन्होंने कहा कि इसी घटना के विरोध में शुक्रवार को शांतिपूर्ण मौन और शोक सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान उरसेम लता, हेमराज भारद्वाज, सोम नेगी, नरेंद्र, सनी, शिवानी, निर्मला, राकेश राणा, लीलावती, मोनिका सूद, योगेश्वरी, दीपा, अंजना आदि उपस्थित रहे। संवाद