ग्राहकों को धोखा देने के लिए एक्सपायरी वस्तु को दूसरे पैकेट में पैकिंग करने का भी आरोप
सोशल मीडिया में भी वायरल हो रहीं तस्वीरें, मामला ध्यान में आने के बाद प्रशासन भी सख्त
कुछ साल पहले काजा में प्रशासन ने पकड़े थे कई ट्रक, जला दिया था एक्सपायरी डेट का सामान
अशोक राणा
केलांग (लाहौल-स्पीति)। स्पीति में कुछ दुकानदार लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर रहे हैं। ग्राहकों को बेखौफ होकर एक्सपायरी डेट की खाद्य वस्तुएं बेची जा रही हैं।
कुछ साल पहले भी स्पीति उपमंडल मुख्यालय काजा में स्थानीय लोगों के साथ मिलकर प्रशासन ने छापा मारकर कई ट्रक एक्सपायरी डेट की खाद्य वस्तुओं के पकड़े थे। प्रशासन और विभाग के साथ मिलकर स्थानीय पंचायतों ने इसे जलाकर नष्ट किया था। लिहाजा, अब एक बार फिर काजा में कुछ बाहरी कारोबारी एक्सपायरी डेट की खाद्य वस्तुएं बेच रहे हैं।
जानकारी यह भी है कि कुछ कारोबारी ग्राहकों को धोखा देने के लिए एक्सपायरी डेट के सामान के पैकेट खोलकर फिर से पैकिंग कर रहे हैं। उसके बाद वस्तुएं लोगों को बेच रहे हैं। इससे सीधे तौर पर काजा क्षेत्र के लोगों की सेहत से खिलवाड़ किया जा रहा है। क्षेत्र में बिक रही एक्सपायरी डेट की खाद्य सामग्री को कुछ स्थानीय लोगों ने फोटो खींचकर सोशल मीडिया में भी वायरल किया है। इसके बाद मामला काजा प्रशासन के ध्यान में आया है।
उधर, जनता की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले कारोबारियों के खिलाफ स्थानीय पंचायत ने भी कार्रवाई करने की तैयारी कर ली है। स्पीति सिविल सोसायटी नाम की संस्था ने प्रशासन के साथ मिलकर ऐसे कारोबारियों की दुकानों और स्टोर में छापे मारने की तैयारी कर ली है।
विभाग चतुर्थ श्रेणी के हवाले
काजा में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग में कोई भी अधिकारी तैनात नहीं है। बताया जा रहा है कि कार्यालय चतुर्थ श्रेणी के हवाले चल रहा है। ऐसे में लोग भी असमंजस में हैं कि इसकी शिकायत कहां करें। दुकानदार फायदा उठाकर सरेआम लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहे हैं।
क्या बोलीं पंचायत प्रधान
काजा पंचायत प्रधान सोनम डोलमा ने कहा कि कारोबारियों की ओर से एक्सपायरी डेट का सामान बेचने की शिकायतें लोगों से मिल रही हैं। इसकी जानकारी काजा प्रशासन को दी है। स्पीति सिविल सोसायटी और प्रशासन के साथ मिलकर ऐसे कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एक्सपायरी डेट का सामान बेचने की शिकायत मिली थी। इसको लेकर दुकानों का निरीक्षण किया जा रहा है। दुकानदारों को एक्सपायरी डेट का समान दुकानों से तत्काल हटाने के आदेश दिए गए हैं। - शिखा, कार्यकारी एडीसी एवं एसडीएम काजा।