बंजार (कुल्लू)। नगर पंचायत बंजार में इन दिनों सफाई व्यवस्था चरमरा गई है, जिससे शहर में घरों, सड़कों और गलियों में कूड़े के ढेर लग गए हैं। नगर पंचायत के सातों वार्ड इस समस्या से प्रभावित हैं।
स्थानीय निवासियों उषा चौहान, प्रीतम सिंह, शेर सिंह, खेमचंद, लता देवी, सेसराम और भाग सिंह का कहना है कि घर-घर कूड़ा उठाने की व्यवस्था होने के बावजूद नियमित रूप से कूड़ा नहीं उठाया जा रहा।
इससे घरों में कूड़ा जमा हो रहा है और बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है। शहर की गलियों और चौराहों पर भी कूड़े के ढेर लगे हैं, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। निवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि सफाई कर्मचारियों को नियमित रूप से सभी वार्डों में तैनात किया जाए, ताकि व्यवस्था सुचारु हो सके।
इस संबंध में नगर पंचायत के कनिष्ठ अभियंता गोपाल सिंह ने बताया कि ठेकेदार के साथ किया गया अनुबंध समाप्त हो चुका है और नई अनुबंध प्रक्रिया जारी है।