कुल्लू के पतलीकूहल क्षेत्र में बारिश के बीच गैस सिलिंडर के लिए लाइनों में लगे लोग।
पतलीकूहल (कुल्लू)। पश्चिमी एशिया में तनाव के चलते एलपीजी संकट का असर जिले में देखने को मिल रहा है। मनाली और कुल्लू के बीच आने वाले पतलीकूहल इलाके में रसोई गैस सिलिंडर लेने के लिए लोगों की लंबी कतारें लग गईं। बुधवार को अंधेरा छंटने से पहले ही यहां पर खाली सिलिंडर के साथ लोग पहुंचना शुरू हो गए थे। पांच से छह घंटे के इंतजार के बाद सिलिंडर मिला। सिलिंडर लेने के लिए पहुंचे लोगों को पांच से छह घंटे तक इंतजार करना पड़ा। जिले में मंगलवार रात से बारिश शुरू हो गई थी। बारिश का क्रम बुधवार सुबह से जारी था। घरेलू गैस सिलिंडर के लिए बारिश में कोई छतरी लेकर खड़ा था तो बिना छतरी के।
बताया जा रहा है कि यहां पर एक दिन पहले भी इसी तरह की लाइनें लगी थीं। लगातार दूसरे दिन भी पतलीकूहल में लगी लाइनों के बाद सोशल मीडिया में कई तरह की चर्चाओं का माहौल है। वहीं, ऊझी घाटी में गैस सिलिंडर की भारी किल्लत से होटलों समेत कई घरों में रसोई ठप हो गई है। लोग लकड़ी के चूल्हों और पारंपरिक ईंधन पर निर्भर हो गए हैं। होटल संचालक अनिल ने कहा कि व्यावसायिक सिलिंडर न मिलने से होटल में खाना बनाने में घंटों लग जाते हैं। पर्यटक नाराज हो रहे हैं। बशकोला निवासी शेर सिंह के अनुसार सिलिंडर की किल्लत से मुश्किल हो रही है। भारत गैस मनाली के संचालक देवेंद्र नेगी ने कहा कि लगातार एक माह से सिलिंडरों की आपूर्ति की जा रही है। हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम लिमिटेड मंडी के क्षेत्रीय प्रबंधक संजीव वर्मा ने कहा कि गैस सिलिंडर लेने के लिए गैस एजेंसियों में व्यक्तिगत रूप से न आएं। निगम उपभोक्ताओं को उनके घर-द्वार पर ही गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।