पूर्व विधायक को बताई समस्या, कहा - होटल कारोबारी 800 रुपये में खरीद रहे पानी का टैंकर
तीन से चार घंटे बिजली आने से हो रही दिक्कत, रवि ठाकुर ने कई गांवों में जाकर सुनीं समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय लाहौल-स्पीति का स्पीति क्षेत्र बिजली और पानी की समस्या से जूझ रहा है। घाटी के आधा दर्जन से अधिक गांवों में पानी और बिजली की समस्या है।
स्थानीय लोगों ने इस समस्या को पूर्व विधायक रवि ठाकुर के सामने रखा। इनका हल करने के लिए प्रयास करने की मांग की। कहा कि होटल कारोबारियों को 800 रुपये देकर पानी का टैंकर खरीदना पड़ रहा है। इससे कारोबार प्रभावित हो रहा है।
गौर रहे कि स्पीति में भाजपा के बूथ संपर्क अभियान के तहत पूर्व विधायक रवि ठाकुर ने दुनिया के सबसे ऊंचे गांव कॉमिक समेत हिक्किम, लंगजा, किब्बर, चिंचम और कीह गांव का दौरा किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याएं सुनीं। रवि ठाकुर ने कहा कि स्पीति घाटी में इन दिनों पर्यटन अपने चरम पर है, लेकिन बुनियादी सुविधाओं की कमी के चलते स्थानीय जनता और पर्यटक दोनों परेशान हैं। घाटी में दिनभर में महज तीन से चार घंटे ही बिजली मिल रही है, जिससे होटल और होम स्टे संचालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जल संकट भी गहराता जा रहा है। होटल व्यावसायियों को 800 रुपये प्रति टैंक की दर से पानी ढोना पड़ रहा है, जिससे उनका व्यवसाय प्रभावित हो रहा है।
कुंजम दर्रा खुले एक महीना बीत चुका है, इसके बावजूद एचआरटीसी की बस सेवा काजा-मनाली रूट पर शुरू नहीं हो पाई है। आम लोगों और पर्यटकों को टैक्सी में महंगा सफर करना पड़ रहा है। इस दौरान स्पीति मंडल अध्यक्ष डेमडुल गटुक, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं निदेशक कांगड़ा बैंक चम्पा छेरिंग, पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र बौद्ध, पूर्व मंडल अध्यक्ष राकेश, महामंत्री टकपा समदन, कलजंग आदि मौजूद रहे।