भुंतर में सिविल पेंशनर्स एंड सोशल वेलफेयर एसोसिएशन की मासिक बैठक में भाग लेते पेंशनर।-सिविल पें
भुंतर (कुल्लू)। सिविल पेंशनर एवं सोशल वेलफेयर एसोसिएशन की भुंतर इकाई की बैठक शनिवार को हुई। एसोसिएशन के प्रधान एसके कतना की अध्यक्षता में हुई बैठक में पेंशनरों की समस्याओं और मांगों पर चर्चा की गई। इस दौरान मुख्य रूप से 20 सितंबर को प्रदेश कार्यकारिणी के आदेशानुसार जिलास्तर पर रखे गए धरना-प्रदर्शन पर मंथन किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की मांग पर सरकार ने 15 सितंबर तक पेंशनर एसोसिएशन के साथ वार्ता नहीं की या कोई मांग नहीं मानी तो जिलास्तर पर प्रदर्शन होगा। इसको लेकर एसोसिएशन ने सरकार को मांगपत्र भी दिया है। इस विरोध प्रदर्शन में कुल्लू जिले के सभी खंडों के साथ जिला लाहौल-स्पीति के पेंशनर भी भाग लेंगे।
जिला लाहौल-स्पीति के प्रधान रामनाथ ने आश्वासन दिया है। कहा कि पेंशनरों की मांग है कि सरकार जेसीसी का गठन कर बैठक बुलाए। मांगों में 2016 के बाद संशोधित पेंशन का बकाया, महंगाई भत्ता की तीन देय किस्तें और इसका बकाया, मेडिकल बिल के भुगतान के लिए बजट का प्रावधान, मासिक पेंशन हर मास की पहली तारीख को देना प्रमुख हैंं। इस दौरान जिला प्रधान सेसराम ठाकुर, महासचिव मोहर सिंह सीस, उपप्रधान खुशाल नेगी, लाहौल-स्पीति जिला के प्रधान रामनाथ, गिरधारी लाल डोगरा, गंगा राम ठाकुर, योगराज शर्मा, भुवनेश्वर, रामलाल शर्मा सहित कई पेंशनर मौजूद रहे। संवाद