पहले दिन हैंडलूम और मीना बाजार सहित अन्य दुकानों के लिए आवंटित किए गए प्लॉट
व्यापारियों में उत्साह, इस बार 10 प्रतिशत की वृद्धि के साथ उपलब्ध करवाए जा रहे प्लॉट
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। राज्य स्तरीय पीपल जातर उत्सव के लिए प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नगर परिषद कुल्लू ने पहले दिन प्लॉट की नीलामी से 20 लाख रुपये जुटाए।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अनुभव शर्मा ने बताया कि बुधवार को पहले दिन हैंडलूम, मीना बाजार सहित अन्य दुकानों की नीलामी प्रक्रिया की गई। इसमें कारोबारियों ने बढ़-चढ़-कर भाग लिया। नगर परिषद को पहले दिन करीब 20 लाख रुपये की आय हुई है।
उन्होंने बताया कि इस बार कारोबारियों को 10 प्रतिशत की वृद्धि के साथ प्लॉट उपलब्ध करवाए गए हैं। बावजूद इसके कारोबारियों में अच्छा खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। ऐसे में पीपल जातर उत्सव के बेहतर होने के संकेत मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि अभी आगे भी नीलामी प्रक्रिया जारी रहेगी। कारोबारियों के लिए ढालपुर स्थित नगर परिषद के कार्यालय में नीलामी करवाई जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले मेला मैदान में लगने वाले दो डोम की नीलामी हो चुकी है। इससे 42 लाख की आय हुई है। अन्य बाजार के लिए नीलामी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह तीन दिन तक चलेगी। कारोबारियों ने प्लॉट मिलते ही दुकानों के ढांचा तैयार करना शुरू कर दिया है, जिससे समय पर कारोबारियों की दुकानें सज सकें और मेले में उनका कारोबार भी ठीक से हो सके।
उन्होंने बताया कि मेले के दौरान इस बार बाॅक्सिंग, रस्साकशी और वॉलीबाल प्रतियोगिताएं भी करवाई जाएंगी। अनुभव शर्मा ने बताया कि नगर परिषद का प्रयास है कि मेले को और बेहतर तरीके से आयोजित किया जा सके, जिससे यहां आने वाले लोगों के साथ पर्यटकों को भी आकर्षित किया जा सके।