पेंशनरों काे साल 2016 से 2022 तक
बकाया राशि का करें भुगतान : ठाकुर
मांगों को लेकर 14 अक्तूबर को कुल्लू में सड़कों पर उतरेंगे पेंशनर
उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री को प्रेषित किया जाएगा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन मांगों को लेकर सड़कों पर उतरेगी। पेंशनर 14 अक्तूबर को जिला मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन करेेंगे।
इसके बाद पेंशनर अपनी मांगों को लेकर उपायुक्त के माध्यम से एक ज्ञापन भी मुख्यमंत्री को प्रेषित करेंगे। प्रदेश पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन कुल्लू के अध्यक्ष सेस राम ठाकुर ने कहा कि यह रोष रैली शांतिपूर्वक तरीके से ढालपुर से उपायुक्त कार्यालय तक सिविल पेंशनर्स एंड सोशल वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले निकाली जाएगी। प्रदर्शन में कुल्लू में रहने वाले लाहौल-स्पीति के पेंशनर भी शामिल होंगे।
हालांकि लाहौल-स्पीति पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधि जिला मुख्यालय केलांग में इसी दिन प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि पेंशनर लंबे समय से संयुक्त सलाहकार समिति का गठन करने की मांग कर रहे हैं। अभी तक सरकार ने उनकी बात को नहीं सुना है। वर्ष 2016 से 2022 तक सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों की बकाया राशि का भुगतान भी नहीं हुआ है। ऐसे में पेंशनरों में निराशा है। पेंशनरों के लंबित मेडिकल बिलों का भी जल्द भुगतान किया जाए। 13 प्रतिशत महंगाई भत्ते की किस्तों का भुगतान करना आदि मांगों को सरकार जल्द पूरा करे। पेंशनरों ने अपना जीवन सेवाकाल में लगाया है। उम्र के आखिरी पड़ाव में पहुंचे पेंशनरों के प्रति सरकार सहानुभूतिपूर्वक रुख रखें। अगर सरकार ने पेंशनरों के प्रति यही रवैया रखा तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।