उपायुक्त ने क्षेत्रीय अस्पताल से एकीकृत स्वास्थ्य अभियान का किया शुभारंभ
एचआईवी के खिलाफ सजग रहने के लिए जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी
संवाद न्यूज एजेंसी डिक्की या डिग्गी
कुल्लू। जिले में एकीकृत स्वास्थ्य अभियान का शुभारंभ क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में उपायुक्त तोरुल एस रवीश ने सोमवार को किया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनआर पवार भी मौजूद रहे। एकीकृत स्वास्थ्य अभियान दो महीने तक चलेगा। अभियान में विभिन्न कार्यक्रम एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें गंभीर रोगों से ग्रसित मरीजों की घरद्वार पर पहचान की जाएगी।
12 अगस्त से 12 अक्तूबर तक चलने वाले अभियान में स्वास्थ्य कर्मी मरीजों को अस्पताल या नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित करेंगे। वहीं, युवा दिवस के मौके पर एचआईवी के खिलाफ सावधानी बरतने और सजग रखने के लिए जागरूकता रैली का आयोजन भी किया।
क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू से उपायुक्त तोरुल एस रवीश ने जागरूकता रैली को रवाना किया। इसमें स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों, नर्सिंग संस्थानों की प्रशिक्षुओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य शामिल रहे। रैली उपायुक्त कार्यालय से कॉलेज गेट होकर वापस अस्पताल परिसर तक निकाली गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनआर पवार ने कहा कि जिले में 12 अगस्त से 12 अक्तूबर तक एकीकृत स्वास्थ्य अभियान चलाया जाएगा। इनमें स्वास्थ्य विभाग के साथ रेड रिबन क्लब, एनजीओ, युवा एवं महिला मंडल आदि को शामिल किया जाएगा। कहा कि गंभीर बीमारियों के मरीजों की पहचान कर उन्हें बेहतर उपचार देने का प्रयास रहेगा। संवाद