एक बीघा भूमि की पैमाइश पूरी, 65 विद्यार्थियों और शिक्षकों को जल्द राहत की उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
भुंतर (कुल्लू)। विकास खंड भुंतर की ग्राम पंचायत शिलिहार के नरोगी गांव स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला के नए भवन के निर्माण की राह खुल गई है। लंबे समय से भवन की समस्या झेल रहे स्कूल के 65 विद्यार्थियों और शिक्षकों को अब जल्द सुरक्षित भवन मिलने की उम्मीद जगी है। वीरवार को ग्राम पंचायत शिलिहार की प्रधान सुमित्रा देवी की अगुवाई में नए भवन के लिए करीब एक बीघा भूमि चिह्नित कर उसकी पैमाइश पूरी की गई।
स्कूल का पुराना भवन कुछ समय पहले आई आपदा में पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर ढह गया था। इसके बाद से विद्यार्थियों और शिक्षकों को हाई स्कूल के कमरों में पढ़ाई और अध्यापन करना पड़ रहा है। सीमित कमरों और जगह की कमी के कारण कक्षाएं संचालित करने में दिक्कतें आ रही थीं। प्रधान सुमित्रा देवी ने बताया कि तहसीलदार भुंतर और वन विभाग के अधिकारियों के संयुक्त निरीक्षण के बाद नए भवन के लिए भूमि चिह्नित की गई है। वीरवार को पटवार सर्किल शिलिहार के पटवारी सोहन लाल, वन रक्षक विवेक नेगी, स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान नेस राम और पंचायत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में भूमि की पैमाइश पूरी की गई। उन्होंने बताया कि अब भवन निर्माण से संबंधित आगामी प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। प्रक्रिया पूरी होने के बाद नए भवन के निर्माण का रास्ता साफ होगा। संवाद