कटराईं में टीम सहभागिता ने ग्रामीणों को नशे दुष्प्रभाव पर किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेेंसी
पतलीकूहल (कुल्लू)। युवा पीढ़ी नशे की चपेट में आ रही है। अगर युवा सशक्त नहीं होगा, तो समाज भी सुदृढ़ नहीं बन पाएगा। ऐसे में अभिभावक बच्चों की गतिविधियों पर नजर बनाए रखें। उनका खेलों की ओर ध्यान केंद्रित करें। टीम सहभागिता के उपाध्यक्ष राज सिंघानिया ने रविवार को ग्राम पंचायत कटराईं में नशे के खिलाफ आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में यह बात कही। इसमें ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करवाया।
टीम के सदस्यों ने कहा कि वर्तमान समय में स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थी नशे की चपेट में आ रहे हैं। नशा सोचने और समझने की शक्ति को क्षीण कर रहा है। जितना संभव हो सके, अभिभावक बच्चों की गतिविधियों को परखें और उन्हें सही मार्गदर्शन प्रदान करें। अगर कोई बच्चा नशे की चपेट में आता भी है, तो उसे मारने-पीटने की जगह सही काउंसलिंग प्रदान करें। इस दौरान ग्राम पंचायत कटराईं की प्रधान गीता ठाकुर, उपप्रधान राजकृष्ण ठाकुर, सचिव हर्षदीप आदि उपस्थित रहे। संवाद