पंचायत और जिला परिषद कार्यालय में निरीक्षण के लिए रहेंगी उपलब्ध
मतदाता सूचियाें के बाद अब रोस्टर जारी होने पर टिकी हैं सबकी निगाहें
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले में पंचायत चुनाव के लिए सरकार के निर्देशों के बाद पंचायतीराज विभाग ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। विकास खंड निरमंड की ग्राम पंचायत कोट एवं कोटी को छोड़कर, जिले की सभी पंचायतों की मतदाता सूचियां प्रकाशित कर दी गई हैं।
यह मतदाता सूचियां पंचायतों, समिति और जिला परिषद कुल्लू के कार्यालयों में निरीक्षण के लिए निशुल्क उपलब्ध रहेंगी।
गौर रहे कि कुल्लू जिले की मतदाता सूचियां पहले प्रकाशित नहीं हो पाई थीं। मतदाता सूचियां प्रकाशित न होने से पंचायत चुनाव लड़ने की चाह रखने वालों में असमंजस की स्थिति थी। हालांकि एक अक्तूबर, 2025 को अर्हता तिथि मानते हुए जिले में पंचायतों की मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन किया गया था। इस संबंध में दावों एवं आपत्तियों का निपटारा करने के बाद मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन किया गया है।
इधर, मतदाता सूचियों के अंतिम प्रकाशन के बाद अब पंचायत चुनाव लड़ने की चाह रखने वालों की निगाहें रोस्टर पर टिक गई हैं। रोस्टर जारी होने के बाद पंचायत में प्रधान, वार्ड सदस्य, समिति और जिला परिषद के आरक्षित सीट को लेकर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। बहरहाल, फरवरी के पहले सप्ताह में मतदाता सूचियां प्रकाशित होने के बाद पंचायत चुनाव को लेकर माहौल गर्मा गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त तोरुल रवीश ने कहा कि विकास खंड निरमंड की ग्राम पंचायत कोट एवं कोटी को छोड़कर, शेष सभी पंचायतों की मतदाता सूचियां प्रारूप-15 में प्रकाशित कर दी गई हैं। मतदाता सूचियां आम जनता के निरीक्षण के लिए संबंधित कार्यालयों में कार्यालय समय के दौरान निशुल्क उपलब्ध रहेंगी।
लाहौल-स्पीति में प्रकाशित हो चुकी हैं मतदाता सूचिया
जिला लाहौल-स्पीति में भी मतदाता सूचियों को लेकर प्राप्त सभी दावों एवं आक्षेपों का निपटारा किए जाने के बाद सूचियों का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। कड़ाके की ठंड के बीच लाहौल में पंचायत चुनाव को लेकर सुगबुगाहट शुरू हो गई है।