भुंतर से आगे भुलंग में चिह्नित की 140 बीघा से अधिक जमीन
स्वास्थ्य विभाग ने प्रशासन से माध्यम से सरकार को भेजा प्रस्ताव
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले में लंबे समय से उठ रही मेडिकल कॉलेज की मांग अब पूरी होने की उम्मीद है। इसके लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने प्रक्रिया शुरू कर दी है।
स्वास्थ्य विभाग ने भुंतर के साथ लगते भुलंग में 140 बीघा से अधिक भूमि का चयन किया है। इसका प्रस्ताव प्रदेश सरकार को भेजा है। जिले में लंबे समय से मेडिकल कॉलेज खोलने की मांग एक दशक से उठती आई है। कुल्लू में मेडिकल खुलने से चार जिलाें के लोगों को सुविधा मिलेगी। इनमें कुल्लू के साथ मंडी जिले का द्रंग और बालीचौकी, जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति और चंबा का पांगी क्षेत्र शामिल है। इन इलाकों के लोग उपचार के लिए कुल्लू अस्पताल आते हैं। अगर कुल्लू जिले में मेडिकल कॉलेज खुलता है तो लोगों को कई बीमारियों के इलाज के लिए पीजीआई, आईजीएमसी, एम्स बिलासपुर या फिर नेरचौक मेडिकल कॉलेज नहीं जाना पड़ेगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कुल्लू डाॅ. रंजीत ठाकुर ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग ने मेडिकल कॉलेज के लिए 140 बीघा से अधिक भूमि का चयन किया है। दो दिन पहले ही जिला प्रशासन की ओर से सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। यह बात उन्होंने बुधवार को देवसदन कुल्लू में लला मेमे फाउंडेशन की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर के शुभारंभ पर कही।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय अस्पताल में जल्द कैथ लैब शुरू होगी। इससे हृदय रोगियों का इलाज हो सकेगा। लोगों को स्वास्थ्य की अच्छी सुविधा मिले, इसपर स्वास्थ्य विभाग काम कर रहा है।