कुल्लू के भुंतर सब्जी मंडी में लगा फलों को लेकर पहुंचे बागवानों के वाहनाे की लंबी कतारे। बागवा
कुल्लू। फल एवं सब्जियों के सीजन के बीच भुंतर में लगातार लग रहे जाम से बागवानों की परेशानी बढ़ गई है। शुक्रवार को भी भुंतर में कई घंटे तक जाम लगा रहा, जिससे प्लम, नाशपाती और अर्ली सेब की किस्मों से लदे वाहनों को सब्जी मंडी तक पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सुबह के समय दो से तीन घंटे तक वाहनों के जाम में फंसे रहने के कारण कई बागवान अपने उत्पाद समय पर मंडी नहीं पहुंचा सके। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान की चिंता भी सताने लगी है।
जानकारी के अनुसार सब्जी मंडी से लेकर भुंतर बेली ब्रिज तक दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। जाम के कारण फल लेकर आने वाले वाहनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई। फल समय पर मंडी नहीं पहुंचने से नीलामी प्रक्रिया भी प्रभावित हुई और बोली लगाने में देरी हुई।
मणिकर्ण घाटी के बागवान शंकर सिंह, रवि, तनुज और टीसी नेगी ने कहा कि फलों की तुड़ाई और विपणन के इस महत्वपूर्ण समय में यातायात व्यवस्था का सुचारु रहना बेहद जरूरी है। उनका कहना है कि लगातार लग रहे जाम से न केवल समय की बर्बादी हो रही है, बल्कि मंडी में फलों के उचित दाम मिलने पर भी असर पड़ सकता है। संवाद