कुल्लू। राष्ट्रीय पुस्तकालय दिवस के अवसर पर बुधवार को राजकीय महाविद्यालय कुल्लू में विद्यार्थियों के लिए नवनिर्मित ओपन लाइब्रेरी का शुभारंभ किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश राणा और पीटीए अध्यक्ष वीरेंद्र शर्मा ने संयुक्त रूप से इसका उद्घाटन किया।
पीटीए निधि से तैयार की गई ओपन लाइब्रेरी का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ने और अध्ययन के लिए खुला एवं सुविधाजनक स्थान उपलब्ध करवाना है। इससे विद्यार्थियों में पढ़ने की रुचि बढ़ाने और नियमित अध्ययन की आदत विकसित करने में मदद मिलेगी।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राकेश राणा ने पीटीए और महाविद्यालय समुदाय के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध करवाना महाविद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विद्यार्थियों से ओपन लाइब्रेरी का अधिक से अधिक उपयोग करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पीटीए के सभी पदाधिकारी और महाविद्यालय के शिक्षक मौजूद रहे। महाविद्यालय प्रशासन ने ओपन लाइब्रेरी के निर्माण में सहयोग के लिए पीटीए का आभार जताया और भविष्य में भी विद्यार्थियों की शैक्षणिक जरूरतों के अनुसार सुविधाओं के विकास की प्रतिबद्धता जताई।