आनी(कुल्लू)। उम्र महज 16 साल, लेकिन हौसले आसमान छूने वाले। आनी उपमंडल की तलुना पंचायत के ओल्वा गांव के युवा वंश शर्मा ने अपनी मेहनत, लगन और खेल के प्रति जुनून के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल और भारत का नाम रोशन किया है। युवा दिवस के अवसर पर वंश की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का संदेश दे रही है।
विज्ञापन
वंश शर्मा वर्तमान में मतियाना बॉयज वॉलीबाल हॉस्टल में प्रशिक्षण ले रहे हैं। आनी के दलाश और एसवीएम आनी से शिक्षा ग्रहण करने वाले वंश को बचपन से ही वॉलीबाल खेलने का शौक था। इसी जुनून ने उन्हें मई 2024 में आयोजित ट्रायल तक पहुंचाया, जहां उनका चयन मतियाना हॉस्टल के लिए हुआ। इसके बाद उन्होंने नियमित प्रशिक्षण और कड़ी मेहनत के साथ खेल में अपनी प्रतिभा को निखारा। वंश को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर भी मिला।
वर्ष 2025 में उन्होंने उत्तर प्रदेश के बरेली और पश्चिम बंगाल के कोलकाता में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिमाचल की ओर से भाग लिया। वंश की मेहनत को वर्ष 2026 में उस समय बड़ी सफलता मिली, जब नागपुर में आयोजित कैंप के दौरान उनका चयन अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ। एक जुलाई 2026 को चीन के शांगलू में आयोजित प्रतियोगिता में उन्होंने भारत की अंडर-18 वॉलीबॉल टीम से बेहतर प्रदर्शन किया और शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
विज्ञापन
वंश की इस उपलब्धि से आनी क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनके पिता विनेश शर्मा ने कहा कि बेटे की सफलता पूरे परिवार और क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। वंश ने क्षेत्र के युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि नशे से दूर रहकर खेल और शिक्षा को जीवन का लक्ष्य बनाएं। मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ कोई भी मंजिल हासिल की जा सकती है। उनका कहना है कि युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत केवल उसे सही दिशा देने की है।