रोजाना 1,400 तक पहुंच रही ओपीडी, मेडिकल कॉलेजों को दे रहा टक्कर
अस्पताल में चल रही हैं 13 ओपीडी, 35 चिकित्सक दे रहे हैं सेवाएं
राजीव नैय्यर
कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू मरीजों के उपचार में मेडिकल कॉलेजों का मुकाबला कर रहा है। आईजीएमसी शिमला और मेडिकल कॉलेज नेरचौक के बाद कुल्लू अस्पताल में उपचार के लिए हजारों मरीज पहुंच रहे हैं। कुल्लू अस्पताल की ओपीडी प्रदेश में तीसरे स्थान पर चल रही है।
अस्पताल में रोजाना 1,350 से 1,400 के करीब विभिन्न रोगों से ग्रस्त मरीज आ रहे हैं। गौरतलब है कि जिले में 13 ओपीडी चल रही हैं। इनमें गायनी, शिशु रोग, स्किन, मेडिसिन, ऑर्थो, सर्जरी, नेत्र रोग, ईएनटी, दंत, मनोविज्ञान, कीमोथैरेपी और महिला-पुरुष ओपीडी शामिल हैं।
आपातकालीन सेवाओं के लिए ट्राॅमा ओपीडी भी 24 घंटे सेवाओं में है। अस्पताल में सबसे अधिक मरीजों की भीड़ गायनी, शिशु रोग, मेडिसिन, ऑर्थो और महिला ओपीडी में रहती है। फरवरी में क्षेत्रीय अस्पताल में मरीजों की संख्या के रिकॉर्ड टूटे हैं। अस्पताल में फरवरी में रोजाना 1,200 से अधिक मरीज उपचार करवाने पहुंच रहे हैं। हालांकि, पहले अस्पताल की ओपीडी 900 से 1,100 के बीच रहती थी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनआर पवार ने कहा कि कुल्लू अस्पताल में 35 चिकित्सक सेवाएं दे रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग मरीजों को जिले में सभी प्रकार की सुविधाएं देने के लिए प्रयासरत है।
ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा
क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में मरीजों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यम से पंजीकरण करवाने की सुविधा है। अस्पताल ने साल 2021 में ऑनलाइन पंजीकरण की सेवा शुरू की थी। ऐसा करने वाला सूबे का पहला स्वास्थ्य संस्थान बना था। अस्पताल में महिलाओं और पुरुषों के लिए पंजीकरण के काउंटर अलग-अलग हैं।
सेवा में 20 विशेषज्ञ चिकित्सक
क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में 35 चिकित्सक सेवाएं दे रहे हैं। इनमें 20 विशेषज्ञ हैं। अस्पताल में मेडिसिन विशेषज्ञ तीन, गायनी विशेषज्ञ तीन, स्किन विशेषज्ञ एक, सर्जन तीन, हड्डी रोग विशेषज्ञ दो, ईएनटी एक, शिशु रोग विशेषज्ञ दो, रेडियोलॉजिस्ट एक, साइकोलॉजिस्ट एक और एनेस्थेटिक्स दो हैं।
उपचार करवाने आते हैं चार जिलों के मरीज
क्षेत्रीय अस्पताल में चार जिलों के मरीजों को उपचार सुविधा मिल रही है। अस्पताल में जिला कुल्लू और लाहौल-स्पीति के अलावा जिला मंडी और चंबा के सीमावर्ती क्षेत्रों के मरीज भी पहुंचते हैं। यही वजह है कि कुल्लू अस्पताल में मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।
जटिल ऑपरेशन के साथ कीमोथैरेपी भी
क्षेत्रीय अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सक होने से जटिल से जटिल रोगों के ऑपरेशन हो रहे हैं। नी और हिप रिप्लेसमेंट के अलावा दूरबीन विधि से ऑपरेशन हो रहे हैं। कैंसर से पीड़ित मरीजों के लिए कीमोथैरेपी भी उपलब्ध है।
-