कुल्लू में आठ सितंबर को खुलेंगे शिक्षण संस्थान
बारिश और बिजली कट बढ़ाएंगे दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले में भारी बारिश कहर बरपा रही है। हाईवे, सड़कें और रास्ते जगह-जगह क्षतिग्रस्त हैं। हालांकि प्रदेश सरकार ने शिक्षकों, विद्यार्थियों और प्रशिक्षुओं की सुरक्षा को देखते हुए शिक्षण संस्थान बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं।
ऐसे में विद्यालय सात सितंबर तक बंद रहेंगे। शिक्षण संस्थान आठ सितंबर को खुलेंगे। शिक्षा विभाग ने पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए ऑनलाइन कक्षाएं लगाने के शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों और मुख्याध्यापकों को कहा है लेकिन इसमें बिजली गुल होना और मोबाइल नेटवर्क न होना बाधा बना हुआ है।
बंजार और सैंज घाटी के कई गांवों में न बिजली है और ही नेटवर्क। ऐसे में कैसे ऑनलाइन कक्षाएं लग पाएंगी। यही हाल उपमंडल कुल्लू और मनाली का है। बिजली के बार-बार कट लगना और मोबाइल से नेटवर्क पूरा कटा होना समस्या बना हुआ है। जिला मुख्यालय से सटी लगघाटी की 13 पंचायतों में बिजली न होना ऑनलाइन कक्षाओं में बाधा है। वीरवार सुबह से ही बिजली के कट बार-बार लगते रहे। भारत संचार निगम लिमिटेड बीएसएनएल की इंटरनेट सेवाएं भी प्रभावित रहीं। बिजली और नेटवर्क न होना शहर वासियों के साथ ग्रामीणों को भी परेशान कर रहे हैं।
शिक्षण संस्थानों की सुरक्षा के लिए भी रहना होगा सतर्क
प्रदेश सरकार ने सभी सरकारी और निजी स्कूल-कॉलेज और डाइट को फिलहाल बंद रखने का फैसला लिया है। हालांकि, ऑनलाइन कक्षाएं लगानी होंगी। संबंधित संस्थानों के प्रमुख यह सुनिश्चित करेंगे कि जहां तक संभव हो, कक्षाएं ऑनलाइन माध्यम से संचालित की जाएं। छुट्टियों के दौरान शैक्षणिक संस्थानों के बुनियादी ढांचे और चल संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी सतर्क रहना होगा।