कुल्लू। जिले के 33 मेधावी विद्यार्थियों को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने सम्मानित किया। लालचंद प्रार्थी कलाकेंद्र में शुक्रवार को जिला स्तरीय पुरस्कार वितरण और सांस्कृतिक समारोह का आयोजन किया गया। इसमें उन मेधावी विद्यार्थियों को सम्मान दिया गया, जिन्होंने बीते दिसंबर में स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान परीक्षा को बेहतर अंकों में उत्तीर्ण किया था। छात्र परिषद के कार्यक्रम में भारतीय इतिहास संकलन योजना समिति के अध्यक्ष दानवेंद्र सिंह मुख्यातिथि, केंद्रीय कार्य समिति सदस्य शिल्पा कुमारी विशिष्ठ अतिथि उपस्थित रहे।
पुरस्कार वितरण समारोह के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इसमें एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने जहां एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी, वहीं, जिलेभर के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधा। विद्यार्थियों ने एकल गान, एकल नृत्य के अलावा समूह गान और समूह नृत्य में अपनी बेहतरीन प्रस्तुतियां दीं।
इसके अलावा फैशन शो और हिमाचल के विभिन्न जिलों की नाटियां भी प्रस्तुत की गईं। इनमें पारंपरिक परिधान कुल्लवी पट्टू-धाटू और चोला कलगी में सजकर प्रस्तुत कुल्लवी नाटी आकर्षण का केंद्र बनी। विद्यार्थियों ने कुल्लवी नाटी को ...ऐेजे म्हारी मनावी वे, ज्येठा-आषाढ़े रे धूपे, ...ओ मेरी गोलिये-ओ मेरी बंदूके आदि गीतों से मनमोहक बनाया। इस संबंध में एबीवीपी के जिला संयोजक ऋषभ ठाकुर ने कहा कि स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान परीक्षा में जिले में पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त करने वालों के साथ 30 टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाना रहा। इस दौरान राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ मंडी के डीणे राम आदि उपस्थित रहे।
....
इन विद्यार्थियों को मिला सम्मान
कलाकेंद्र कुल्लू में कुमकुम, कंचन, अंशिका, स्नेहा, वैभव, शुभम, अक्षत, तनुई, निखिल, चैतन्य, अंकित, प्रार्थना, अर्शित, भानू प्रिया, आदित्य, रीतिक, मन्नत, प्रद्युम्र, ताराचंद, पुष्प लता, विजय, ध्रुव, प्रियांशु, अंकिता, विवेक, तितिश, किंतल ठाकुर, कृतिका, विजय, सोनू, प्रिक्षित, गौरव को सम्मानित किया गया।
000