सैंज (कुल्लू)। प्राइमरी स्कूल बिहाली को मर्ज करने की अधिसूचना के बाद लोग खासे नाराज हैं। मंगलवार को खंड शिक्षा अधिकारी सैंज कुलदीप ठाकुर स्थिति जांचने स्कूल पहुंचे। उन्होंने स्कूल प्रबंधन समिति के साथ बैठक की। स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष खेमराज ने कहा कि बिहाली स्कूल के मर्ज होने से बच्चों को करीब 8 किलोमीटर दूर शिक्षा ग्रहण करने के लिए जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते शिक्षा विभाग ने इस ओर ध्यान नहीं दिया तो चार गांवों के कई बच्चे शिक्षा से वंचित रह सकते हैं।
स्थानीय पंचायत प्रधान गुड्डू राम, पूर्व पंचायत समिति सदस्य झाबे राम ठाकुर, लारजी पंचायत के वार्ड सदस्य पुष्पा देवी, भीमा देवी, निर्मला देवी, वेद राम, नीरत सिंह आदि ने कहा कि स्कूल को पुनः संचालित किया जाए। खंड शिक्षा अधिकारी सैंज कुलदीप ठाकुर ने कहा कि बिहाली स्कूल को मर्ज न करने का मामला ग्रामीणों ने उठाया था। इसकी जांच के बाद पाया गया कि भौगोलिक स्थिति के अनुसार गांव से स्कूल की दूरी 8 किलोमीटर है। स्कूल जाने के रास्ते पहाड़ी और नालों के बीच से हैं। वास्तविक परिस्थिति की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है। संवाद