विकास के लिए आवंटित राशि का रखें ब्योरा, पारदर्शी ढंग से खर्च हो राशि : समिति
प्रदेश विधानसभा की लोक लेखा समिति ने बैठक में मांगा करवाए गए कार्यों का ब्योरा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। प्रदेश विधानसभा की लोक लेखा समिति की बैठक शनिवार को बचत भवन कुल्लू में हुई। समिति के अध्यक्ष अनिल शर्मा ने बैठक की अध्यक्षता की।
उन्होंने कहा कि अधिकारी पूरी जिम्मेदारी से अपने कर्तव्यों का पालन कर काम करें। विधानसभा की समितियों के समक्ष अपने अनुभव के आधार पर अच्छे सुझाव प्रेषित करें। उन्होंने कहा कि अपने-अपने क्षेत्र में जनहित और विकास के अच्छे कार्य की मिसाल बनें।
उन्होंने जलशक्ति विभाग की ओर से पिछले चार वर्षों में किए क्रेट वॉल के कार्य और लोक निर्माण विभाग को बनाई गई सड़कों की जानकारी समिति को उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस के आधुनिकीकरण के लिए प्रस्ताव सरकार भेजने का सुझाव दिया।
शर्मा ने कहा कि सभी अधिकारी विकास कार्यों के लिए जारी राशि का समयबद्ध सदुपयोग सुनिश्चित करें। आवंटित राशि का पूरा विवरण रखें। सरकारी धन पारदर्शी और जवाबदेह ढंग से व्यय होना चाहिए। अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऑडिट पैरा से संबंधित तथ्यों की पूर्ण जानकारी तय समयावधि में प्रेषित करें।
उन्होंने जल शक्ति विभाग को नई पेयजल योजनाओं की डीपीआर बनाते समय फायर हाइड्रेंट के लिए अलग पाइप लाइन डालने का सुझाव दिया। जलजीवन मिशन, मनरेगा, बिजली महादेव रोपवे, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यों की प्रगति पर भी जानकारी ली। समिति के सभी सदस्यों ने विभिन्न मदों पर विचार रखे और सुझाव दिए।
इससे पहले उपायुक्त तोरुल एस रवीश ने समिति के सभापति और सभी सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने समिति को आश्वस्त किया कि बैठक में जारी दिशा-निर्देशों और सुझावों की अनुपालना सुनिश्चित की जाएगी।
इस दौरान समिति के सदस्य एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक डॉ. हंस राज, जीत राम कटवाल, इंद्र सिंह, डॉ. जनक राज और मलेंद्र राजन उपस्थित रहे।