लारी में दो दिवसीय विरशू मेले में रंगारंग कार्यक्रम आयोजित
महिलाओं का लालड़ी नृत्य रहा आकर्षण का केंद्र
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। खराहल घाटी की ग्राम पंचायत चतानी के लारी गांव में दो दिवसीय विरशू मेला मनाया गया। इसमें महिला मंडलों की सदस्यों ने लालड़ी नृत्य किया। वाद्ययंत्रों की थाप पर किया गया लालड़ी नृत्य सबके आकर्षण का केंद्र रहा। बुधवार रात्रि विरशू मेले के उपलक्ष्य पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुआ। इसमें लोक कलाकार देवेंद्र सोनी और सुनीता भारद्वाज ने दर्शकों को खूब नचाया।
देवेंद्र सोनी ने ‘आसे आए तेरी पाहुणे ओ’ सहित अन्य गीत गाए। सुनीता भारद्वाज ने ‘घोर पौडू तेरा दूर धारा न तो,’ ‘रे सालिये मुंबे न छेड़’ आदि गीत गाए। जोगिंद्र तूफानी, नरेश हिमाचली और स्थानीय कलाकारों ने भी रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। मेले में ग्राम पंचायत नेउली के उप प्रधान भूपिंद्र सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान भुवनेश्वर (बॉबी), महिंद्र सिंह, बुध राम, सुभाष, हिम सिंह भी विशेष रूप में मौजूद रहे। शिवा युवक मंडल के प्रधान एवं ग्राम पंचायत चतानी के वार्ड सदस्य दुनी चंद का कहना है कि मेले हमारी पुरानी परंपराओं और संस्कृति को संजोए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। लारी में मनाया जाने वाला दो दिवसीय विरशू मेला हिंदू नववर्ष नवसंवत के उपलक्ष्य पर होता है। इसमें काफी अधिक संख्या में लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। संवाद