ब्यास में राफ्टिंग, क्रॉसिंग पर लगा प्रतिबंध, पैराग्लाइडिंग भी नहीं होगी
पर्यटन विभाग ने जारी किए आदेश, उल्लंघन पर होगी कार्रवाईसंवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला कुल्लू में रिवर राफ्टिंग, रिवर क्रासिंग, पैराग्लाइडिंग सहित अन्य साहसिक गतिविधियों पर दो महीनों के लिए ब्रेक लग गया है। 15 जुलाई से लेकर 15 सितंबर तक साहसिक गतिविधियां बंद रहेंगी। इस संबंध में पर्यटन विभाग ने आदेश जारी किए हैं। बरसात में ब्यास का जलस्तर अधिक रहता है। इस बीच राफ्टिंग करवाना सुरक्षित नहीं होता है।
हादसों की आशंका को देखते हुए रिवर राफ्टिंग, रिवर क्रासिंग नहीं होगी। पैराग्लाइडिंग भी दो महीने नहीं होगी। सोमवार को पैराग्लाइडिंग साइटाें और रिवर राफ्टिंग प्वाइंटों में सन्नाटा पसरा रहा। अब साहसिक गतिविधियां 15 सितंबर में शुरू होंगी।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी सुनयना शर्मा ने कहा कि रिवर राफ्टिंग, रिवर क्रासिंग सहित साहसिक गतिविधियां 15 सितंबर तक बंद रहेंगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।...
1300 राफ्ट, पैराग्लाइडर एवं जिपलाइन बंद
जिले में साहसिक पर्यटन में 500 राफ्ट, 600 पैराग्लाइडर तथा लगभग 200 जिपलाइन दो माह तक काम नहीं कर पाएंगी। इसमें जिले में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से करीब 10,000 लोग कारोबार से जुड़े हैं।