जिला कुल्लू में रविवार को हुई ताजा बर्फबारी से ग्रामीण बस रूट प्रभावित हो गए हैं। वहीं, जलोड़ी दर्रा फिर वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गया है। जिला कुल्लू के आनी उपमंडल के लोगों को जिला मुख्यालय के लिए वाया करसोग होकर ही आना पड़ेगा। गौरतलब है कि ग्रामीण क्षेत्रों में पांच से छह इंच के करीब हिमपात दर्ज किया गया है। इससे काफी रूट प्रभावित हो गए हैं। दिनभर बारिश होने से ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बसों की आवाजाही बंद रही।
जिला के यह रूट रहे बंद
रविवार को मणिकर्ण के बरशैणी में करीब आधा फुट तक हिमपात हुआ। इसके चलते दिनभर परिवहन निगम सहित निजी बस सेवाएं ठप रहीं। इसके अलावा मलाणा, भुलंग, बस्तोरी सहित बंजार घाटी के कई रूटों पर बारिश और बर्फ के चलते बसें नहीं चलीं।
मलाणा में लोगों को पानी की किल्लत
मलाणा गांव में एक तो पहले ही पानी की किल्लत चल रही है, वहीं हिमपात होने से पानी की और ज्यादा समस्या पैदा हो गई है। लोग बाबड़ी से पानी ढोने के लिए मजबूर हो गए हैं।
लाहौल में बिजली आपूर्ति ठप
लाहौल-स्पीति की पट्टन, म्याड़, चंद्रा और तोद वैली में बिजली और दूरसंचार सेवा ठप हो गई है। जबकि, ताजा बर्फबारी के बाद घाटी के भीतर सभी संपर्क मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। लाहौल के कुछ गांवों में पानी की किल्लत हो गई है।