कुल्लू। मलाणा में फंसे नौ पर्यटकों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। सोमवार को पंचायत प्रतिनिधियों, पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से सैलानियों को जरी के रास्ते निकाला गया। बादल फटने के बाद मलाणा गांव में करीब 15 सैलानी फंस गए है। कुछेक सैलानी मजदूरों के साथ सुरक्षित निकल आए थे जबकि दो सैलानी रविवार शाम को रेस्क्यू किए गए। ये सैलानी रास्ता भटक गए थे जिन्हें पुलिस ने ढूंढ कर सुरक्षित निकाल लिया। बचे हुए 9 पर्यटकों को सोमवार को निकाला गया। एकमात्र बचा जरी रास्ता इतना खराब था कि पर्यटकों को रस्सी के सहारे निकालना पड़ा।
बड़ी मशक्कत के बाद पर्यटकों को मलाणा से लेकर सड़क तक पहुंचाया गया। सभी पर्यटकों ने रेस्क्यू के लिए सभी का आभार जताया है। मलाणा के ग्रामीणों की मुश्किलें कम नहीं हुई हैं। सड़क बुरी तरह से क्षतिग्रस्त होने से मलाणा के बाशिंदों को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मलाणा पंचायत के उपप्रधान रामजी ठाकुर ने कहा कि आपदा के बाद कुल 15 पर्यटक यहां पर फंसे थे, जिन्हें अब सुरक्षित निकाल दिया गया है। एसडीएम सदर विकास शुक्ला ने कहा कि प्रशासन लगातार ग्रामीणों से संपर्क बनाए हुए हैं। राहत कार्यों को तेजी से अंजाम दिया जा रहा है। संवाद