मनाली (कुल्लू)। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गौतम ठाकुर ने नगर परिषद मनाली और भूतनाथ में पार्किंग के ठेकेदार पर लगभग चार फुट नेशनल हाईवे-तीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इसकी वजह से पैदल चलने वालों का सफर मुश्किल हो गया है। आए दिन वाहन चालकों से नोक-झोंक हो रही है और एनएचएआई के अधिकारी कब्जे को नजरअंदाज कर रहे हैं।
मीडिया को जारी बयान में गौतम ठाकुर, नगर परिषद मनाली के मनोनीत पार्षद जगदीश कुमार, पार्षद धर्मपाल रुडिंगवा, पार्षद रानू देवी और कांग्रेस नेता राजेंद्र सिंह, अनिल कुमार, सुरेश कुमार, संतोष कुमार, गोकल चंद सहगल और रणवीर सागर आदि ने कहा है कि अगर प्रशासन, एनएचएआई और नगर परिषद मनाली ने पांच दिनों में अवैध रेलिंग को हाईवे नहीं हटाया तो वह खुद ही कब्जा हटा देंगे।
कांग्रेस नेता गौतम ठाकुर ने कहा कि एनएचएआई के ढुलमुल रवैये के कारण भूतनाथ पार्किंग से एनएसी मार्केट की ओर ओवरहेड ब्रिज का निर्माण नहीं हो पर रहा। सैलानियों और आम लोगों के लिए हाईवे पार करना चुनौती बन गया है। फोरलेन पर हजारों वाहनों के चलते न तो ट्रैफिक लाइटों की व्यवस्था है और न ही ट्रैफिक पुलिस की। उन्होंने जल्द कब्जे को हटाने की मांग की है।
उधर, एनएचएआई के क्षेत्रीय अभियंता अशोक चौहान ने बताया कि पार्किंग एनएचएआई की है। यह मामला उच्च न्यायालय में विचाराधीन है।