बाह्य सराज को कुल्लू जिला मुख्यालय से जोड़ने वाला एनएच-305 बड़े वाहनों के लिए बहाल हो गया है। 25 दिन बाद हाईवे को बहाल कर बाह्य सराज की 69 पंचायतों के साथ रामपुर, कुमारसैन और करसोग के हजारों लोगों ने राहत की सांस ली है। हाईवे को बहाल करने में एनएच अथॉरिटी को कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ा है। बरसात के चलते भारी बारिश से हाईवे-305 को भारी नुकसान हुआ है। हालांकि जलोड़ी दर्रा से लेकर औट से तक सड़क की हालत बेहतर है, लेकिन जलोड़ी दर्रा से लेकर कांडूगाड़ तक जगह-जगह भूस्खलन से सड़क को भारी क्षति पहुंची है। इसमें कुछ प्वाइंटों पर सड़क की हालत अभी खस्ता है।
यहां से सफर करना आसान नहीं है। ऐसे में रात के समय सफर करने वाले लोगों को एहतियात बरतने की जरूरत है। इसी वजह से कुल्लू से चलने वाले निगम की सात और निजी दो बसों की आवाजाही बंद रही। 24 अगस्त से एचआरटीसी कुल्लू ने लोगों की मांग और समस्या को देखते हुए कुल्लू से चलने वाली कुल्लू-रामपुर-बागासराहन तथा कुल्लू-आनी-थनोग बसों को माशनूनाला-शुश-शवाड़ होकर शुरू किया है।
सोमवार दोपहर बाद एनएच अथॉरिटी ने औट-बंजार-सैंज हाईवे को बड़े वाहनों के लिए बहाल कर दिया है। इसे पिछले सप्ताह छोटे वाहनों को खोला गया था। जिले के मणिकर्ण, सैंज और बंजार के कई इलाकों में सोमवार सुबह भारी बारिश हुई। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। बरसात से बिगड़े हालत को सुधारने के लिए लोक निर्माण विभाग को सबसे ज्यादा मशक्कत करनी पड़ रही है।एनएच के सहायक अभियंता डीएस शर्मा ने कहा कि हाईवे-305 सभी तरह के वाहनों के लिए बहाल हो गया है। माौसम साफ रहता है तो एक दो दिन में बसों को भी संचालन किया जा सकेगा। उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने कहा कि सड़कों को खोलने का काम लोक निर्माण विभाग की ओर से युद्धस्तर पर चल रहा है।
सैंज घाटी के शैंशर में बंद पड़ी सड़क से मलबा हटाने में जुटी जेसीबी।-संवाद