भुंतर (कुल्लू)। पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भुंतर के 52 एनसीसी कैडेट्स मेडल और यादें लेकर वापस लौटे हैं। इन कैडेट्स ने एनसीसी अधिकारी कश्मीर चंद शर्मा के नेतृत्व में जवाहर नवोदय विद्यालय पंडोह में आयोजित 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में भाग लिया।
22 जून से शुरू होकर एक जुलाई को इसका समापन हुआ। इस शिविर के दौरान कैडेट्स ने सैन्य अनुशासन, ड्रिल और शारीरिक प्रशिक्षण के साथ हथियार चलाने का भी व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया।
शिविर में आयोजित विभिन्न खेलकूद और रचनात्मक प्रतियोगिताओं में भुंतर स्कूल के कैडेट्स ने रस्साकशी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि रिले रेस और लेमन स्पून रेस में स्कूल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा सार्जेंट तमन्ना ने चित्रकला व नारा लेखन में द्वितीय स्थान हासिल कर किया। एनसीसी अधिकारी कश्मीर चंद शर्मा ने 10 दिवसीय शिविर कैडेट्स के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद सफल रहा। संवाद