कुल्लू। क्वांटम वर्ल्ड स्कूल में नवरात्र उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने डांडिया नृत्य और गीत-संगीत की प्रस्तुतियों से समां बांधा। पारंपरिक वेशभूषा में सजे विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की झलक पेश की।
कार्यक्रम में वंश, जिग्मेद, मान्या, श्रेया, अभिनव, प्रद्युम्न, भानु, करण और रिया ने डांडिया नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि साक्षम, जिग्मेद और गोपाल ने गीतों से दर्शकों का मनोरंजन किया। दिव्यांश और लिवजोत ने मंच संचालन किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को नवरात्र के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि यह पर्व शक्ति और भक्ति के साथ बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रेरणा सिंह ने विद्यार्थियों को नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए उनकी प्रतिभा और उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उनके सर्वांगीण विकास और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं। संवाद