जिला कुल्लू के चार नगर निकायों में 97 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला आज होगा। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रविवार सुबह सात बजे से वोटिंग शुरू हो जाएगी, जो तीन बजे तक चलेगी। इसके बाद मतगणना शुरू होगी।
रविवार को बंजार नगर पंचायत में 16, नगर पंचायत भुंतर में 29, नगर परिषद कुल्लू में 11 वार्डों के लिए 33 और मनाली नगर परिषद में सात वार्डों से 19 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में बंद हो जाएगा। शहर में होने वाले मतदान केंद्रों तक ईवीएम मशीनें पहुंच गई हैं। वहीं, कर्मचारी भी अपनी ड्यूटी पर तैनात हैं। गौरतलब है कि नगर परिषद कुल्लू में ईवीएम मशीनों के माध्यम से मतदान होगा।
ईवीएम से चुनाव नतीजे भी बेल्ट पेपर की अपेक्षा जल्दी आएंगे। उधर, नगर परिषद चुनावों में खड़े प्रत्याशी चुनाव प्रचार खत्म होने के बावजूद गुपचुप वोटरों के संपर्क में हैं। एसडीएम कुल्लू रोहित राठौर ने बताया कि नगर परिषद कुल्लू के लिए रविवार को मतदान होगा। चुनावों को लेकर सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। चुनाव में किसी प्रकार की अशांति न फैले, इसके लिए पुलिस जवानों की भी तैनाती की गई है। एसडीएम मनाली ज्योति राणा के मुताबिक नगर परिषद मनाली के सात वार्डों के लिए रविवार को वोटिंग होगी। चुनावों को लेकर सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं।