सियानू देवता स्थल के पास डंगे का काम शुरू करने के लिए तैनात मशीनरी और मजदूर। संवाद
न्यूली (कुल्लू)। सैंज घाटी में सियानू देवता स्थल से सैंज बस अड्डा तक मार्ग अगले दस दिनों तक बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रहेगा। यहां कल्वर्ट निर्माण और डंगा लगाने का कार्य शुरू किया जाएगा। इस कारण लोक निर्माण विभाग ने यह निर्णय लिया है। इस दौरान छोटे वाहनों की आवाजाही सामान्य रूप से जारी रहेगी।
बड़े वाहनों के संचालन पर रोक लगने से घाटी की ओर जाने वाली बसें सियानू देवता स्थल से आगे नहीं जा सकेंगी। यात्रियों को सैंज बस अड्डे तक पहुंचने के लिए करीब दो किलोमीटर का सफर पैदल या छोटे वाहनों के माध्यम से तय करना पड़ेगा। इससे विशेष रूप से बीमार और बुजुर्ग लोगों को अस्पताल पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता मेघ सिंह ने बताया कि सड़क पर कल्वर्ट डालने और डंगा लगाने का कार्य किया जा रहा है। निर्माण कार्य के चलते अगले दस दिनों तक मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। उन्होंने घाटी के लोगों से इस दौरान सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील की है। संवाद