उपायुक्त ने जारी किए आदेश, 10 जनवरी तक लागू रहेगा यातायात प्रतिबंध
संवाद न्यूज एजेंसी
बंजार (कुल्लू)। नेशनल हाईवे-305 पर मंगलाैर पुल से बंजार और जिभी की ओर जाने वाले मार्ग पर 15 नवंबर से मालवाहक और अन्य भारी मोटर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। यह प्रतिबंध आगामी शीतकालीन पर्यटन सीजन को देखते हुए 10 जनवरी 2027 तक लागू रहेगा। यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और आम जनता एवं पर्यटकों की सुविधा के लिए उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 के तहत आदेश जारी किए हैं।
आदेशों के अनुसार सुबह 8 से 11 बजे और शाम 3 से 7 बजे तक भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। स्कूल बसों और स्थानीय दैनिक रूट पर चलने वाली नियमित बस सेवाओं को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को यातायात प्रतिबंधों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने के लिए आवश्यक स्थानों पर साइन बोर्ड, चेतावनी सूचनाएं और बैरिकेड लगाने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस अधीक्षक कुल्लू को पुलिस कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने और यातायात नियमों व प्रतिबंधों का कड़ाई से पालन करवाने को कहा गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि आपातकालीन वाहनों, अग्निशमन वाहनों, एंबुलेंस, स्कूल बसों और नियमित बस सेवाओं पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा। जिला प्रशासन ने आम जनता, वाहन चालकों और पर्यटकों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और निर्धारित प्रतिबंधों का पालन करने की अपील की है। संवाद