न्यूली (कुल्लू)। जिले में तीन चरणों में पंचायती राज चुनाव करवाए जा रहे हैं। इसके लिए करीब 1,500 शिक्षकों की ड्यूटी चुनाव प्रक्रिया पूर्ण करवाने के लिए लगाई गई है। ऐसे में अधिकतर विद्यालयों में शिक्षकों की कमी खल रही है। विद्यालयों में बच्चों को पढ़ाने के लिए प्रतिनियुक्ति से काम चलाया जा रहा है। एक जून को चुनाव ड्यूटी से शिक्षक विद्यालयों में लौटेंगे।
दुर्गम प्राथमिक विद्यालय बागीशियाड़ी, शफाड़ी और मैल ऐसे विद्यालय है, जिनमें शिक्षकों की कमी के चलते प्रतिनियुक्ति पर शिक्षक तैनात किए गए हैं। दो अन्य विद्यालयों से शिक्षकों को प्रतिनियुक्ति पर भेजा गया है, लेकिन इससे तीन के बजाय पांच विद्यालयों में पढ़ाई पर असर पड़ रहा है।
उपरोक्त तीन विद्यालयों के साथ राजकीय उच्च विद्यालय सिंहण और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शैंशर से शिक्षक प्रतिनियुक्ति पर रहने से विद्यार्थियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रारंभिक शिक्षा विभाग के उपनिदेशक डॉ. सुनील दत्त ने कहा कि अधिकतर शिक्षक चुनाव ड्यूटी पर हैं। इसके कारण प्रतिनियुक्ति पर शिक्षकों को लगाया गया है। संवाद