पूर्व सीएम ने किया कुल्लू के अखाड़ा बाजार और इनर अखाड़ा बाजार के आपदा स्थल का दौरा
प्रभावितों के प्रति जताईं संवेदनाएं, बोले- हमसे कोई गलती हुई है तो देवता माफ करें
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को कुल्लू के अखाड़ा बाजार और इनर अखाड़ा बाजार के आपदा स्थल का दौरा किया। उन्होंने हादसे में प्रभावितों से मिलकर संवेदनाएं व्यक्त कीं।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि धीरे-धीरे पूरे प्रदेश में जान-माल के नुकसान का दायरा बढ़ता जा रहा है। मानसून लगभग समाप्ति पर है। जाते-जाते इसने कुल्लू को कभी न भरने वाले जख्म दिए हैं।
उन्होंने झीड़ी भूस्खलन स्थल, पारला और भुंतर के बाढ़ प्रभावितों से मिलकर उनका हाल जाना। उन्होंने कहा कि आपदा बहुत बड़ी सजा है। अगर हमसे कोई गलती हुई है तो देवता हमें क्षमा करें। अपनी कृपा हम पर बनाए रखें।
इस मौके पर पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर, बंजार विधायक सुरेंद्र शौरी, बल्ह विधायक इंद्र सिंह गांधी, कुल्लू भाजपा प्रत्याशी नरोत्तम ठाकुर व अमित सूद मौजूद रहे।