बोलीं - कचरा इधर-उधर फेंकने के बजाय बैग में रखें पर्यटक
साडा क्षेत्र में स्वच्छता पर ध्यान रखने की जरूरत पर दिया बल
संवाद न्यूज एजेंसी
सिस्सू/केलांग (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में अटल टनल के नाॅर्थ पोर्टल में विधायक अनुराधा राणा ने कचरा एकत्रित करने के लिए जूट के बैग बांटे।
ये बैग पर्यटकों को साडा बैरियर में हर दिन दिए जाएंगे, जिससे लाहौल के साडा क्षेत्र में पर्यटक इधर-उधर कचरा न फैलाएं और कचरा को व्यवस्थित तरीके से बैग में एकत्रित किया जा सके।
उन्होंने क्षेत्र के लोगों के साथ पर्यटकों से अपील की है कि वे क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए बैरियर से जूट के बैग लें और सैर-सपाटे के दौरान खाने-पीने की वस्तुओं से निकलने वाले कचरे को बैग में ही जमा करें। उन्होंने कहा है कि क्षेत्र में प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन को मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। यह बात सुनिश्चित करने के लिए पर्यटकों को कचरा संग्रहण बैग दिए जा रहे हैं।
उन्होंने पर्यटकों से भी अपील की कि साडा बैरियर से कचरा निपटान बैग प्राप्त करें और अपने कचरे को अलग करें। प्लास्टिक कचरे को बैग में इकट्ठा करें। वे सड़कों और पर्यटक स्थलों पर कूड़ा न फैलाएं। कचरे के भरे बैग को कियोस्क पर वापस जमा करवाएं। उनके साथ उपायुक्त किरण भडाना, एसडीएम आकांक्षा शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।