पतलीकूहल (कुल्लू)। राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय कटराईं का वार्षिक समारोह शनिवार को धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने मुख्य अतिथि, जबकि सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य घनश्याम कपूर ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विधायक ने विद्यार्थियों की ओर से तैयार प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न मॉडलों की सराहना की।
इसके बाद प्रधानाचार्य मंगल नेगी ने कुल्लवी परंपरा के अनुसार अतिथियों का स्वागत किया और विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। विद्यार्थियों ने गीत-संगीत के साथ कुल्लवी और लाहौली लोकनृत्य प्रस्तुत कर खूब वाहवाही लूटी। इस दौरान शैक्षणिक और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विधायक ने सम्मानित किया। संवाद
विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने विद्यार्थियों को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी पढ़ाई के साथ खेलकूद और अन्य सकारात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लें।