लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा दिल्ली में राज्यमंत्री अजय टम्टा से मिलती हुईं। -स्रोत ः स्
रोहतांग (लाहौल-स्पीति)। जिला लाहौल-स्पीति में कोकसर से छतडू तक बाईपास सड़क निर्माण की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने के प्रयासों में तेजी आई है। इस सड़क निर्माण से लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलने की उम्मीद है। क्षेत्र के लोगों ने बीआरओ, नेताओं, केंद्र और प्रदेश सरकार से इस सड़क को प्राथमिकता के आधार पर बनाने की मांग कर रहे हैं।
लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने पहल करते हुए मंगलवार को प्रदेश के पूर्व मंत्री फुंचोक राय, लाहौल-स्पीति के पूर्व विधायक रवि ठाकुर और स्पीति के माने गांव के प्रतिनिधिमंडल के साथ दिल्ली में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा के साथ मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्यमंत्री को कोकसर से बाईपास छतडू तक सड़क निर्माण को लेकर चर्चा की और स्थिति से अवगत करवाया। विधायक ने बीआरओ के डीजी और एडीजी से भी मुलाकात की।
विधायक अनुराधा राणा ने कहा कि सड़क के निर्माण से भूस्खलन और बाढ़ से बार-बार सड़क अवरूद्ध होने का खतरा नहीं होगा। काजा-सुमदो मार्ग को वाया माने, लियो बाईपास को बीआरओ के अंतर्गत करने, उदयपुर-तींदी-पांगी मार्ग की दशा सुधारने एवं कार्य जल्द आरंभ करने की भी मांग की है। परिवहन राज्य मंत्री ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए राज्य सरकार की मदद से हर संभव सहायता के लिए आश्वस्त किया है।
प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात करने गया था, लेकिन उनसे मुलाकात नहीं हो पाई। उन्होंने कहा कि फुंचोक राय और रवि ठाकुर ने जनहित में राजनीति से ऊपर उठकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित की है।
वहीं, कोकसर के ग्रामीणों सहित महिला मंडल की प्रधान कमला आदि ने इस पहल पर हर्ष व्यक्त करते हुए सभी नेताओं का आभार प्रकट करते हुए उम्मीद जताई कि शीघ्र ही कोकसर बाई पास छतडू सड़क का निर्माण होगा। लोगों को कोकसर और स्पीति के बीच सफर में आसानी होगी।